logo

झारखंड में 7,400 दुष्कर्म के मामले, बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर शिवराज ने उठाए पर सवाल

SHIVRAJ27.jpg

रांची 
कांग्रेस नेता और मंत्री इरफान अंसारी के सीता सोरेन पर कथित विवादित बयान को लेकर बीजेपी आक्रामक है। रविवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड में बहन सीता सोरेन का अपमान हुआ है। उन्होंने झारखंड सरकार और मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बयान सरकार की महिला-विरोधी मानसिकता को दिखाता है। उन्होंने आगे कहा कि आदरणीय सीता सोरेन बीजेपी की सम्मानित नेता हैं, और उनका अपमान झामुमो सरकार के महिला-विरोधी रवैये को उजागर करता है।

 

गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सीता सोरेन, स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की पत्नी, शिबू सोरेन की बहू और हेमंत सोरेन की भाभी हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन हैं, उसी सरकार का एक मंत्री उनकी भाभी का अपमान कर रहा है।  चौहान ने आगे कहा कि झारखंड की जनता जानती है कि रावण कौन है और यहां की कानून-व्यवस्था कैसी है। उन्होंने कहा कि राज्य में मां, बहनों और बेटियों का हर दिन अपमान हो रहा है। रुबिका और अंकिता जैसी लड़कियों के साथ हुई घटनाओं समेत राज्य में अब तक 7,400 दुष्कर्म के मामले सामने आ चुके हैं। 

उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने सीता सोरेन के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उनका अपमान किया है, अगर हेमंत सोरेन में जरा भी शर्म है, तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। 
शिवराज सिंह चौहान ने मन की बात कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सायबर क्राइम के खिलाफ तथ्य रखा, ताकि जनता साइबर क्राइम से बच सके। कई बार भोले-भाले लोग ठगे जाते हैं। प्रधानमंत्री के दिल की चिंता देखिए कि वो स्वयं मन की बात के माध्यम से इसकी जानकारी दे रहे हैं। 


 

Tags - rape Shivraj safety Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest News News